बंगाल के संदेशखाली में महिलाओं से यौन उत्पीड़न मामले में भाजपा ने गुरुवार (22 फरवरी) को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म जारी की है। भाजपा ने कैप्शन में लिखा- संदेशखाली का एक ऐसा सच जो हमारी अंतरात्मा को झकझोर कर रख देगा। ममता बनर्जी इस सच को छिपाने की कोशिश कर रही हैं।
भाजपा के 20 मिनट 41 सेकेंड की डॉक्यूमेंट्री में संदेशखाली की महिलाएं अपने अनुभव बता रही हैं। इसमें एक महिला ने दावा किया कि TMC नेता शिबप्रसाद हाजरा यानी शिबू हाजरा उन्हें घर से उठवाकर ले जाता था। TMC के लोग लड़कियों की सुंदरता देखकर उन्हें अपने साथ ले जाते थे। उनके लिए लड़कियां एंटरटेनमेंट थीं।
एक महिला ने बताया कि शिबू हाजरा के लोग रात के दो बजे बुलाने आते थे। कहते थे कि दादा (शिबू हाजरा) बुला रहे हैं। उनका आदेश मतलब भगवान का आदेश। मैं रात के दो बजे जाती थी और सुबह 5 बजे आती थी। मैं दुकान चलाती हूं। उनके बुलाने पर नहीं जाती तो मेरी दुकान तोड़ देते।
एक शख्स ने डॉक्यूमेंट्री में बताया कि TMC के लोग मुझे ले गए थे। मेरे बच्चे को फेंक दिया। मेरी पत्नी के साथ मारपीट की और कहा कि जाकर शाहजहां शेख से मिलो। मुझसे कहा कि TMC का झंडा पकड़ो नहीं तो मारे जाओगे।
DGP बोले- दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे

इधर, बंगाल के DGP राजीव कुमार बुधवार को संदेशखाली गए। उन्होंने रात भर वहां रुक कर हालात का जायजा लिया। गुरुवार को कोलकाता लौटने के बाद DGP राजीव ने कहा कि पुलिस संदेशखाली में हर व्यक्ति की शिकायत सुनेगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। अगर लोगों को टॉर्चर करने में कोई शामिल होगा, तो हम उसके खिलाफ एक्शन लेंगे।

