कोलकाता रेप-मर्डर केस, पूर्व प्रिंसिपल के घर CBI का छापा:वित्तीय गड़बड़ी मामले में 15 ठिकानों पर सर्च जारी; संजय का पॉलीग्राफ टेस्ट आज संभव

कोलकाता रेप-मर्डर केस की जांच कर रही CBI ने आरजी कर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष के घर छापा मारा है। CBI की एंट्री करप्शन ब्रांच रविवार (25 अगस्त) को कोलकाता में घोष और उनसे जुड़े लोगों के 15 ठिकानों पर तलाशी ले रही है।
CBI की एक टीम मेडिकल कॉलेज में फोरेंसिक मेडिसिन और टॉक्सिकोलॉजी के डेमोंस्ट्रेटर डॉ. देबाशीष सोम के घर भी पहुंची है। कॉलेज के पूर्व सुपरिटेंडेंट अख्तर अली ने भ्रष्टाचार और अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए तीन दिन पहले शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने ही डॉ. देबाशीष सोम का नाम लिया था।
CBI ने संदीप घोष के खिलाफ शनिवार (24 अगस्त) को FIR दर्ज की थी। घोष पर अपने कार्यकाल के दौरान मेडिकल कॉलेज में वित्तीय गड़बड़ी का आरोप है। बंगाल सरकार ने SIT को मामले की जांच सौंपी थी। हालांकि, कलकत्ता हाईकोर्ट ने SIT की जगह CBI को जांच करने को कहा है।





