घर के सामने खड़ी सफारी में लगी आग:किसी शरारती तत्व द्वारा आग लागने की आशंका, पुलिस जांच में जुटी

दुर्ग के मोहन नगर थाना अंतर्गत जवाहर नगर में घर के बाहर खड़ी एक टाटा सफारी कार में रविवार तड़के किसी ने आग लगा दी। गाड़ी से धुआं उठता देखे घर वाले बाहर निकले। उन्होंने देखा कि गाड़ी के अंदर आग धधक रही है। उन्होंने तुरंत मोहन नगर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद अग्निशमन दल बुलाया गया।
मोहन नगर पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जिस कार में आग लगी है वो मंजीत सिंह की है। मंजीत सिंह ने बताया कि वो हर दिन की तरह गाड़ी को उसी जगह पर पार्क किए थे। रविवार तड़के कुछ लोगों की आवाज आई तो उन्होने देखा कि उनकी कार के पास से धुंआ निकल रहा है। वो बाहर आए। उन्होंने देखा कार में आग लगी है। इसके बाद डायल 112 में फोन करके पुलिस को सूचना दी गई।

जिला अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि उन्हें रविवार सुबह जैसे ही आग लगने की सूचना मिली उन्होंने एक दमकल को टीम के साथ वहां रवाना किया। टीम ने मौके पर पहुंचकर पानी व फोम की मदद से आग को बुझाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी। जिस जगह पर कार पार्क थी वहां और भी गाड़ियां पार्क थीं। यदि टीम जल्द आग को नहीं बुझाती तो आग दूसरी गाड़ियों को भी अपनी चपेट में ले लेती।
किसी शरारती तत्व का कार्य
मोहन नगर पुलिस का कहना है कि घर के पास पार्क गाड़ी में आला सुबह आग ऐसी ही नहीं लगती। ये किसी शरारती तत्व का कार्य है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। उस क्षेत्र में उस समय के दौरान जो भी आया होगा सीसीटीवी कैमरे से उसकी पहचान जरूर हो जाएगी।





