सरगुजा-बस्तर संभाग में यलो अलर्ट, मकान गिरा:12 जिलों में गिर सकती है बिजली; बांगो बांध के 5 गेट खुले, घरों में घुसा पानी

छत्तीसगढ़ में एक बार फिर मानसून की गतिविधियां बढ़ गई हैं। इसके चलते प्रदेश भर में बारिश का दौर शुरू हो गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान कई इलाकों में भारी से अति भारी बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके चलते प्रदेश में एक-दो दिन मौसम ठंडा रहेगा। कई जिलों में दिन का तापमान गिर गया है।
मौसम विभाग ने सरगुजा और बस्तर संभाग के लिए आज यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 12 जिलों में बिजली गिरने की चेतावनी जारी की गई है। बलरामपुर में बारिश के चलते मकान गिरने से महिला घायल हो गई। वहीं कोरबा में हसदेव नदी में बाढ़ का पानी निचले इलाकों में घुस गया है।

प्रदेश में अब तक 910.5 मिमी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश में अब तक 910.5 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो औसत से 5% अधिक है। जबकि अब तक 866.4 मिलीमीटर बारिश होनी चाहिए थी। प्रदेश के 6 जिलों में औसत से अधिक पानी बरसा है। वहीं 7 जिलों में सामान्य से कम बारिश हुई है। शेष जिलों में सामान्य बारिश रिकार्ड की गई है।