छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के बांगो क्षेत्र में तीन भालू ने एक ग्रामीण पर हमला कर दिया। हमले में ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीण जंगल में बकरी चराने गया हुआ था। ग्रामीण ने कुछ समय के लिए सांस रोककर बेहोश होने का नाटक किया। जिसके बाद ग्रामीण को मरा हुआ समझकर भालू भाग गए।
चंद्रशेखर सिंह (34) गुरुवार की सुबह गांव के पास स्थित पंडरीपानी कछार जंगल की ओर बकरियों को चराने के लिए गया हुआ था। इसी दौरान अचानक से तीन भालू ने उसे पर हमला कर दिया। चंद्रशेखर काफी समय तक भालुओं से संघर्ष करता रहा।

खून से लथपथ जब वह गड्ढे में गिरा तो भालू को देख कुछ समय के लिए अपनी सांस रोक ली। इस दौरान भालू उसे मरा हुआ समझकर भाग गए। हमले के बाद चंद्रशेखर किसी तरह अपने घर पहुंचा और परिजनों को घटनाक्रम की जानकारी दी।
चंद्रशेखर के चेहरे पर भालू के हमले के निशान है। घटना की सूचना डायल 112 को दी गई। मेडिकल इमरजेंसी के सूचना पर टीम घर पहुंची। घायल को कटघोरा सीएचसी में भर्ती कराया है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वन विभाग की ओर से 500 रुपए की सहायता राशि दी गई।

